छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच कई जगह गिरा पानी, जानिए अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच बीते दिन यानी सोमवार को मौसम परिवर्तन हुआ और कुछ स्थानों पर बादल गरजने के साथ तेज हवाएं चलीं और हल्की बरसात हुई। हालांकि मंगलवार यानी आज 25 मार्च से प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आज सुबह साढ़े आठ बजे तक गुजरे 24 घंटों के मौसम की बात करें तो प्रदेश के सरगुजा संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से उल्लेखनीय कम रहे, अन्य सभी संभागों में अधिकतम तापमान सामान्य रहे। इस दौरान प्रदेश सबसे ज्यादा तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में तथा सबसे कम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। रायपुर में मंगलवार को आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37 डिग्री सेल्सियस और 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी होने और उसके बाद विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। मध्य व दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके अलावा मौसम विभाग ने अगले 7 दिन तक प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की उम्मीद भी जताई है।

महत्वपूर्ण सिनोप्टिक स्थितियां

एक उत्तर-दक्षिणी द्रोणिका दक्षिण छत्तीसगढ़ से मध्य महाराष्ट्र, आंतरिक उत्तरी कर्नाटक होते हुए उत्तर आंतरिक तमिलनाडु तक औसत समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर स्थित है।

प्रदेश के मुख्य शहरों का तापमान

रायपुर (लालपुर)- अधिकतम 35.8 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम- 22.1 डिग्री सेल्सियस

बिलासपुर- अधिकतम 34.7 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम- 20 डिग्री

पेंड्रारोड- 33.4 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम- 17.6 डिग्री सेल्सियस

अंबिकापुर- 31.7 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम- 14.2 डिग्री सेल्सियस

जगदलपुर- 35.2 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम- 21.3 डिग्री सेल्सियस

दुर्ग- 35.6 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम- 20.2 डिग्री सेल्सियस