छत्तीसगढ़: 2 बार के विधायक और संसदीय सचिव रहे सिद्धनाथ पैकरा को BJP ने निकाला, क्या वजह?

छत्तीसगढ़ BJP ने संगठन के स्तर पर एक बड़ा निर्णय लेते हुए बलरामपुर से भाजपा नेता सिद्धनाथ सिंह पैकरा को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। क्या है इसकी वजह?

Krishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, रायपुरMon, 24 March 2025 06:42 PM
share Share
Follow Us on
छत्तीसगढ़: 2 बार के विधायक और संसदीय सचिव रहे सिद्धनाथ पैकरा को BJP ने निकाला, क्या वजह?

छत्तीसगढ़ BJP ने संगठन के स्तर पर एक बड़ा निर्णय लिया है। छत्तीसगढ़ भाजपा ने बलरामपुर से भाजपा नेता सिद्धनाथ सिंह पैकरा को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। मौजूदा वक्त में सिद्धनाथ सिंह पैकरा जिला पंचायत सदस्य हैं। उन्होंने पार्टी से बागी होकर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ा था। इसी मामले को लेकर भाजपा ने उनको 6 साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है।

बता दें कि बलरामपुर से जिला पंचायत सदस्य सिद्धनाथ सिंह पैकरा पूर्व में संसदीय सचिव और दो बार विधायक रह चुके हैं। सिद्धनाथ पैकरा की पत्नी सामरी से विधायक भी हैं। भाजपा ने जिला पंचायत चुनाव में बागी होकर चुनाव लड़ने के कारण सिद्धनाथ सिंह पैकरा को प्राथमिक सदस्यता से बाहर करके बगावत करने वालों को कड़ा संदेश दिया है।

बता दें कि नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव होने के बाद बागियों पर भाजपा एक-एक करके कार्यवाही कर रही है। बागियों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है। निकाय और पंचायत चुनाव को महीने बीत चुके हैं, लेकिन भाजपा के भीतर बगावत करने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ भाजपा ने सरगुजा क्षेत्र के दिग्गज आदिवासी नेता और पूर्व विधायक सिद्धनाथ पैकरा को पार्टी से निष्कासित किया गया है।

इस संबंध में प्रदेश भाजपा कार्यालय द्वारा आधिकारिक आदेश भी जारी किया गया है। भाजपा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पूर्व विधायक सिद्धनाथ पैकरा ने बलरामपुर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पार्टी लाइन से हटकर दावेदारी पेश की थी। हालांकि, इस चुनाव में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी को ही जीत मिली, जबकि पैकरा को हार का सामना करना पड़ा।

सिद्धनाथ सिंह पैकरा को 6 साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा कर भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी सूरत में पार्टी विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पार्टी में अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे। हार के बाद सिद्धनाथ पैकरा ने पार्टी के नेताओं और एक मंत्री पर भी टिप्पणी की थी।

रिपोर्ट- संदीप दीवान