बलौदाबाजार आगजनी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कांग्रेस विधायक अरेस्ट, भेजे गए जेल
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में जून में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को दुर्ग जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। यादव को राज्य के दुर्ग जिले में उनके आवास से पकड़ा गया और फिर बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के मुख्यालय बलौदाबाजार लाया गया, जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की कार्रवाई की खबर फैलने के बाद यादव के कई समर्थक दुर्ग के भिलाई नगर इलाके में उनके आवास के बाहर जमा हो गए और नारेबाजी करने लगे। यादव भिलाई नगर निर्वाचन क्षेत्र से दूसरी बार विधायक हैं।
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि बलौदाबाजार शहर में आगजनी मामले में कोतवाली पुलिस थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में उन्हें गिरफ्तार किया गया है। यह मामला भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने...










