छत्तीसगढ़ के कबीरधाम में 6 महिला पंचों के पतियों ने किया ऐसा काम कि मचा हड़कंप, जांच के आदेश
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के एक गांव में नवनिर्वाचित छह महिला पंचों के पतियों ने ऐसा काम कर दिया जिसकी पूरी सूबे में चर्चा हो रही है। बताया जाता है कि पंडरिया विकासखंड के परसवारा ग्राम पंचायत में सोमवार को नवनिर्वाचित छह महिला पंचों की जगह उनके पतियों ने कथित तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ ले ली, जिसके बाद हड़कंप मच गया। मामला तूल पड़ने के बाद अब प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।
कबीरधाम जिला पंचायत के सीईओ अजय त्रिपाठी ने बताया कि परसवारा गांव में पंचायत प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो के सामने आने के बाद पंडरिया जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर इस संबंध में जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
कबीरधाम जिले में हाल ही में संपन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के नवनिर्वाचित...










