विश्व रक्तदाता दिवस पर स्काई एलॉयज एंड पावर लिमिटेड में रक्तदान शिविर का सफल आयोजन

खरसिया 14 जून 2026: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर स्काई एलॉयज एंड पावर लिमिटेड, टेमटेमा, खरसिया द्वारा एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस सामाजिक एवं मानवीय पहल का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।

शिविर का आयोजन सिविल हॉस्पिटल, खरसिया की मेडिकल टीम के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर डॉ. एस. के. राठिया (पैथोलॉजिस्ट), चंद्रविजय महिलांगे (स्टाफ नर्स), ममता भगत (लैब टेक्नीशियन), बाबू सिंह सिदार (लैब टेक्नीशियन) एवं पूनम जायसवाल (काउंसलर) उपस्थित रहे। साथ ही स्काई एलॉयज एंड पावर लिमिटेड की ऑक्यूपेशनल हेल्थ सेंटर (OHC) की टीम ने भी शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रक्तदान शिविर में कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान 25 से अधिक रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर कंपनी के प्रबंध निदेशक विकास अग्रवाल ने  अपने संबोधन में कहा, “रक्तदान महादान है। यह एक ऐसा दान है जिसे देकर हम किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने में योगदान देते हैं। समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव कल्याण एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति भी हमारी समान प्रतिबद्धता है। मुझे गर्व है कि हमारे कर्मचारियों ने इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लिया।”

रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को उनके इस सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति प्रमाण-पत्र (Certificate) एवं विशेष टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों ने भी इस आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प व्यक्त किया। अंत में कंपनी प्रबंधन ने सिविल हॉस्पिटल खरसिया की मेडिकल टीम, OHC स्टाफ एवं सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की। शिविर का सफल आयोजन स्काई एलॉयज एंड पावर लिमिटेड की सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।