
खरसिया, 03 सितंबर। क्षेत्र के किसानों को लंबे समय से रासायनिक खाद की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मौखिक निवेदन और ज्ञापन देने के बावजूद प्रशासन द्वारा पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस समस्या से परेशान किसान अब आंदोलन की राह पर उतरने को मजबूर हो गए हैं।
इसी कड़ी में खरसिया विधायक उमेश पटेल के नेतृत्व में 4 सितंबर 2025, दिन गुरुवार को दोपहर 12 बजे तहसील कार्यालय खरसिया का घेराव किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि किसानों की मांग को अनसुना नहीं किया जा सकता और उन्हें जल्द से जल्द पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए ब्लाक कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) ने समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसान भाइयों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। कार्यकर्ताओं को सुबह 11 बजे मदनपुर कांग्रेस कार्यालय पहुंचने के लिए कहा गया है, जहां से रैली निकलकर तहसील कार्यालय पहुंचेगी। घेराव के दौरान विधायक उमेश पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

