छत्तीसगढ़ की 7 लोकसभा सीटों पर नौ बजे तक 13:34 प्रतिशत मतदान, राम मंदिर पहुंचे सीएम, कहा…

ऐप पर पढ़ें

छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में सात सीटों पर मंगलवार को मतदान शुरू हो गया और मतदान प्रक्रिया शाम छह बजे तक चलेगी। चुनाव अधिकारियों के अनुसार तीसरे चरण में सात लोक सभा सीटों पर सुबह नौ बजे तक 13.34 प्रतिशत मतदान हुआ है। रायगढ़ संसदीय सीट पर सबसे ज्यादा 18.05 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं रायपुर में सबसे कम मतदान 9.78 मतदान हुआ। इसके अलावा कोरबा में 15.54 प्रतिशत, दुर्ग में 13.96 प्रतिशत, सरगुजा में 13.80 प्रतिशत, जांजगीर में 12.85 प्रतिशत और बिलासपुर लोकसभा पर 10.38 प्रतिशत मतदान हुआ। शहरी क्षेत्रों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं में मतदान में उत्साह ज्यादा देखा जा रहा है।

इस बीच प्रदेश के कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों ने मतदान करना शुरू कर दिया है। प्रदेश की 7 लोकसभी सीटों में प्रमुख पार्टी कांग्रेस के बिलासपुर प्रत्याशी देवेंद्र यादव ने भिलाई में मतदान किया है। सरगुजा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी शशि सिंह ने सरगुजा में मतदान कर दिया है। इसके साथ ही भाजपा प्रत्याशी चिंतामणि महाराज ने बलरामपुर में मतदान कर दिया है। दुर्ग लोकसभा प्रत्याशी विजय बघेल ने भिलाई में मतदान किया है। 

सीएम साय पहुंचे राम मंदिर

इस बीच प्रदेश के सीएम साय राम मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की है। मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में एक अच्छा वातावरण है। भाजपा और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति देश की जनता का विश्वास बढ़ा है‌। सीएम विष्णु देव साय ने कहा पिछले 10 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांव, गरीब, किसान, मजदूर सभी वर्गों के लिए सबका साथ सबका विकास, सब का विश्वास और सबका प्रयास इस मूल मंत्र मानते हुए काम किया है। दुनिया में भारत का मान और सम्मान बढ़ाया है और आगे विकसित भारत के लिए आने वाले 5 वर्षों में आर्थिक क्षेत्र की दृष्टि से तीसरा सबसे बड़ा देश को बनाने का काम प्रधानमंत्री मोदी कर सकते हैं यह पूरी देश की जनता जानती है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग ले लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करें।