जनता का भरोसा खो चुकी कांग्रेस के नेता प्रियंका-राहुल और खड़गे करें अपनी चिंता- सीएम साय‌

ऐप पर पढ़ें

लोकसभा चुनाव के लिए तीसरे चरण का मतदान 7 मई को होना है। तीसरे चरण में छत्तीसगढ़ की 7 सीटों पर मतदान होना हैं। जिसे लेकर छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पूरा दम लगा रही है। इस बीच दोनों ही दल के दिग्गज लगातार प्रदेश का दौरा कर रहे है। वहीं कांग्रेस नेताओं के दौरे को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बड़ा बयान सामने आया है। साय ने राहुल, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के छत्तीसगढ़ दौरे पर कहा की जिनकी पार्टी जनता का भरोसा खो चुकी हो उनके कहीं आने-जाने से कोई प्रभाव नहीं पड़ता है। 

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी इन दिनों चुनाव प्रचार प्रसार में व्यस्त है। इस बीच बलौदा बाजार में जनता से संवाद करते हुए सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता का भरोसा खो चुकी है। आप चाहे उनके नेता राहुल प्रियंका और खड़गे जितना भी प्रदेश में घूम लें इससे भारतीय जनता पार्टी को कोई प्रभाव नहीं पड़ता है। जनता ने उनकी पार्टी और उनके नेताओं को पहले ही नकार दिया है। इसका परिणाम सभी ने विधानसभा के चुनाव में देखा है। यह लोग जितना भी कुछ कर ले देश और छत्तीसगढ़ में कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। 

गृह मंत्री के कथित‌ वीडियो पर बोले साय

इस बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय‌ ने गृह मंत्री अमित शाह के वीडियो बयान और कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा इसे कांग्रेस की छवि को नुकसान पहुंचाने के बयान को लेकर कहा‌ कि कांग्रेसी झूठ बोलने में बहुत माहिर हैं। कांग्रेस पार्टी के लोग गृहमंत्री अमित शाह के बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं। हमारी पार्टी और हमारे नेताओं की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।‌ सीएम ने कहा‌ कि आप देखना देश की जनता कांग्रेस को कभी माफ़ नहीं करेगी, इसका परिणाम 4 जून को देखने मिलेगा।