55 ट्रिलियन डॉलर की जीडीपी का भारत का लक्ष्य महत्वाकांक्षी, लेकिन प्राप्त किया जा सकता है : आईएमएफ (लीड-1)
नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार 2047 तक बढ़कर 55 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है, लेकिन इसके लिए भारत को 8 प्रतिशत की वार्षिक विकास दर आने वाले वर्षों में हासिल करनी होगी। यह लक्ष्य काफी महत्वाकांक्षी है लेकिन प्राप्त किया जा सकता है। आईएमएफ के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर कृष्णमूर्ति वी सुब्रमण्यन ने यह बात कही है। एक मीडिया इवेंट में उन्होंने कहा कि 8 प्रतिशत की विकास दर को प्राप्त किया जा सकता है। देश की डेमोग्राफी और सरकार की ओर से किए जा रहे नीतिगत सुधारों के कारण पिछले 10 वर्षों में विकास दर तेज रही है।उन्होंने आगे कहा कि अगर हम उद्यमिता की बात करें तो वर्ल्ड बैंक का डेटा दिखाता है कि 2014 के बाद से नई फर्म की संख्या में वृद्धि हुई है, जिसके कारण भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा उद्यम इकोसिस्टम बन पाया है। इससे औपचारिक क्षेत्र में उत्पादकता बढ़ाने में सफलता मिली है...










