
खरसिया। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की हुंकार भरते हुए कांग्रेस पार्टी ने खरसिया विधानसभा के मंडल-2 (वार्ड 10 से 18) में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। इस आयोजन में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारों के साथ चुनाव व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता की मांग को पुरजोर तरीके से उठाया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्वतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था पर जोर देते हुए वर्तमान चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी गहरी नाराजगी जाहिर की। मंच से सीधे तौर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की गई, ताकि चुनाव प्रक्रिया और संविधान के प्रति आम जनता का अटूट विश्वास कायम रह सके।
इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैलाश अग्रवाल, सुनील शर्मा, नीरज पटेल, गोपाल शर्मा (पत्रकार), विक्कल अग्रवाल, संन्यासी मेहर, राहुल महंत, अंकित फोटवानी और राम शर्मा सहित कई प्रमुख वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के सुचारू मंच संचालन की जिम्मेदारी मनोज महंत ने निभाई, जबकि अंत में कमलेश महंत द्वारा सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।
आयोजन में खरसिया मंडल-2 के सैकड़ों पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और प्रभारियों ने एकजुट होकर यह संकल्प लिया कि आम जनता के मताधिकार की सुरक्षा और संविधान की गरिमा बनाए रखने के लिए उनका यह संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। कांग्रेसजनों ने स्पष्ट संदेश दिया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव अनिवार्य है और जनता के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

