
रायगढ़। जिले के तमनार वन परिक्षेत्र में करंट की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शिकारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी पूर्व जिला पंचायत सदस्य का पति बताया जा रहा है। घटना सोमवार की दोपहर तमनार रेंज के केराखोल राजस्व क्षेत्र की है, जहां एक नर हाथी की लाश पाई गई थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच में पता चला कि हाथी की मौत करंट लगने से हुई है।
रेंजर विक्रांत कुमार ने बताया कि संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर स्नीफर डॉग की मदद से जांच की गई। पूछताछ में केराखोल निवासी वीर सिंह मांझी (28), बसंत राठिया (40) और रामनाथ राठिया (42) ने जंगली सुअर का शिकार करने के लिए करंट तार बिछाने की बात कबूल की। इसी दौरान हाथी उसकी चपेट में आ गया। मुख्य आरोपी बसंत राठिया, जो पूर्व जिला पंचायत सदस्य का पति है, ने अपने साथियों के साथ मिलकर यह जाल बिछाया था। वन अमला ने मौके से करंट लगाने में उपयोग किए गए तार और अन्य सामान जब्त कर लिया है। वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों को पकड़ने में जिनकी रही प्रमुख भूमिका:
SDO मनमोहन मिश्रा, रेंजर विक्रांत कुमार, डिप्टी रेंजर विनोद तिग्गा, जैतराम नाग, परिसर रक्षक गोपी राठिया, सुनील कुमार, हसनैन अली, अक्षय सरल और सन्यासी सिदार ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। DFO अरविंद पीएम ने स्वयं मौके पर पहुंचकर आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। वन विभाग की टीम आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

