
खरसिया, 21 मई। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्व. राजीव गांधी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर खरसिया कांग्रेस परिवार द्वारा उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। यह कार्यक्रम शहीद नंदकुमार पटेल स्मारक स्थल पर आयोजित किया गया, जहां राजीव गांधी जी के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया गया।
राजीव गांधी जी, जिन्होंने देश में तकनीकी क्रांति की नींव रखी और युवाओं को सशक्त करने के लिए 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार दिलाया, उन्हें आधुनिक भारत का स्वप्नदृष्टा माना जाता है। उनके विचार और कार्य आज भी देश के निर्माण में प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने “राजीव गांधी अमर रहें”, “जब तक सूरज चांद रहेगा, राजीव तेरा नाम रहेगा”, “राजीव गांधी जी के ये बलिदान नहीं भूलेगा हिंदुस्तान” जैसे गगनभेदी नारों के साथ राजीव जी के योगदान को याद किया।
खरसिया कांग्रेस परिवार द्वारा दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर खरसिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय जन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम पूर्ण गरिमा, सादगी और श्रद्धा के वातावरण में संपन्न हुआ। सभी ने संकल्प लिया कि वे राजीव गांधी जी के सपनों के भारत को साकार करने हेतु उनके सिद्धांतों पर चलकर कार्य करते रहेंगे।

