शिवरीनारायण के बेर लेकर मंत्रिमंडल के साथ अयोध्या पहुंचे सीएम साय, कांग्रेस ने इसे बताया नौटंकी

ऐप पर पढ़ें

छत्तीसगढ़ का का पूरा साय मंत्रिमंडल आज 13 जुलाई को अयोध्या रामलला के दर्शन के लिए रवाना हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने पूरे मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ अयोध्या दर्शन के लिए चले गए हैं। इस दौरान रायपुर विमानतल में मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हम भांचा राम के दर्शन के लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि माता शबरी की धरती कहे जाने वाले शिवरीनारायण से बेर के फल से भरी टोकरी भी उपहार के रूप में रामलला को भेंट करेंगे। 

बतादें कि छत्तीसगढ़ में लंबे समय से यह चर्चा चल रही थी कि मुख्यमंत्री साय और उनके सभी मंत्री अयोध्या जाएंगे। जिसे लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यह कहा था कि जल्दी सभी मंत्रियों के साथ वह अयोध्या जाएंगे। बतादें कि साय सरकार का यह अयोध्या दर्शन कार्यक्रम एक दिन का होगा। शाम तक यह सभी मंत्री वापस छत्तीसगढ़ लौट आएंगे। विष्णु देव साय मंत्रिमंडल के अयोध्या दौरे को लेकर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी ने इसे नौटंकी बताया है।  

मिनट टू मिनट कार्यक्रम

मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्री रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं जहां वे सभी महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्या धाम पहुंचेंगे। यहां शाम 5 बजे तक श्री राम जन्मभूमि अयोध्या धाम में श्री रामलला के दर्शन और मंदिर का भ्रमण करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे अयोध्या धाम एयरपोर्ट से रायपुर के लिए सभी की वापसी होगी। शाम 6 बजकर 45 मिनट पर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से सभी रायपुर वापस लौट आएंगे। 

कांग्रेस ने बताया नौटंकी

विष्णु देव साय मंत्रिमंडल के अयोध्या दौरे को लेकर कांग्रेस पार्टी ने इसे नौटंकी बताया है छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार बने 8 महीने से ज्यादा का वक्त पूरा हो चुका है। अब तक मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल के साथ कौशल्या माता के दर्शन करने नहीं पहुंचे। जो कि विश्व का एकमात्र ऐसा मंदिर है जहां कौशल्या मां की गोद में भगवान राम विराजमान है। सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि चंदखुरी में भांचा राम के दर्शन करने तो सरकार के मंत्री नहीं गए और अयोध्या जा रहे हैं।