24 जून को खरसिया की सभी ग्राम पंचायतों में होगी विशेष ग्राम सभा, PM आवास प्लस 2.0 की प्रतीक्षा सूची का होगा सार्वजनिक सत्यापन

खरसिया। खरसिया विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में 24 जून 2026 को ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभा की बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से तैयार स्थायी प्रतीक्षा सूची का सार्वजनिक पठन एवं अवलोकन किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में सूची का प्रदर्शन कर ग्रामीणों के समक्ष उसका वाचन किया जाएगा तथा पात्र हितग्राहियों की प्राथमिकता सूची तैयार की जाएगी।

ग्राम सभा में प्राप्त दावे-आपत्तियों का नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। ग्राम सभा से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद अंतिम सूची आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड की जाएगी। साथ ही विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी जाएगी। जनपद पंचायत खरसिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पवन पटेल, विकासखंड समन्वयक पद्मलोचन सिदार , कार्यक्रम अधिकारी प्रफुल्ल किंडो के मार्गदर्शन  में समस्त सचिवों को क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षण दिया गया  है  साथ ही जनपद सदस्यों, सरपंचों , जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों से ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गांव के विकास एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

ग्राम सभा राज्य कार्यालय एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार आवास प्लस 2.0 की सूची का सत्यापन निर्धारित 12 मापदंडों के आधार पर किया जाएगा।
प्रशासन ने निर्देशित किया है कि आवास प्लस 2.0 की सूची सिस्टम आधारित एवं एआई जनरेटेड है। सूची में नाम जोड़ने के नाम पर किसी भी प्रकार की राशि की मांग या वसूली किए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।