
खरसिया। औद्योगिक सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के क्षेत्र में अपनी सहभागिता निभाते हुए रायगढ़ जिले के खरसिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम टेमटेमा में संचालित स्काई एलॉयज एण्ड पावर लिमिटेड द्वारा एक महत्वपूर्ण जन कल्याणकारी कदम उठाया गया है। कारखाना प्रबंधन आगामी 14 फरवरी को ग्राम सेंद्रीपाली के मिलन चौक में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन करने जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और जरूरतमंदों को विशेषज्ञों की सलाह उपलब्ध कराना है।
इस स्वास्थ्य शिविर की सबसे खास बात यह है कि इसमें अनुभवी और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम अपनी सेवाएं देगी। कारखाना प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शिविर में नाक, कान एवं गला विशेषज्ञ डॉ. टेकलाल पटेल तथा डॉ. प्रभु नारायण प्रधान (MBBS, FIH) मरीजों का परीक्षण करेंगे। इसके साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चपले के जनरल प्रैक्टिशनर भी उपस्थित रहकर सामान्य बीमारियों की जांच करेंगे।
शिविर के दौरान न केवल मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया जाएगा, बल्कि उन्हें डॉक्टरों द्वारा परामर्श दी गई आवश्यक दवाइयां भी संस्थान की ओर से पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जाएंगी। स्काई एलॉयज प्लांट प्रबंधन ने आसपास के ग्रामवासियों और क्षेत्र की जनता से विशेष अपील की है कि वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं और अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच करवाएं। प्रबंधन का कहना है कि वे भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक कार्यों के माध्यम से क्षेत्र के विकास और खुशहाली में अपना योगदान देते रहेंगे।

