भूपदेवपुर थाना से निकलेगी “सद्भावना दौड़” — एकता, अखंडता और राष्ट्र सम्मान का संदेश देगी पहल

खरसिया-भूपदेवपुर। देश की अखंडता, एकता और सद्भाव के प्रतीक के रूप में शुक्रवार की सुबह भूपदेवपुर थाना परिसर से एक विशेष “सद्भावना दौड़” का आयोजन किया जाएगा। यह दौड़ सुबह 08 बजे भूपदेवपुर थाना से प्रारंभ होकर रामझरना गेट तक जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य देश में भाईचारा, एकता और राष्ट्रीय सम्मान की भावना को सशक्त बनाना है।

दौड़ में थाना क्षेत्र के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठन और आम नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है। दौड़ समाप्त होने के बाद थाना परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम और अतिथियों के उद्बोधन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वक्ता राष्ट्र की एकता, शांति और सौहार्द पर अपने विचार रखेंगे।

थाना प्रभारी संजय नाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि — “देश के सम्मान और सद्भाव की भावना को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और इस आयोजन की शोभा बढ़ाएं।”

यह आयोजन न केवल खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाएगा, बल्कि समाज में एकता और देशभक्ति की भावना को भी और प्रबल करेगा।