
खरसिया। गौवंश संरक्षण और संवर्धन के पावन प्रतीक पर्व ‘गोवर्धन पूजा’ के अवसर पर खरसिया के गौ सेवा गौ धाम में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। गौ सेवक संगठन के प्रमुख राकेश केशरवानी के नेतृत्व में यह अनुष्ठान पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में गौ भक्त और नगरवासी शामिल हुए।
गौ धाम परिसर में गोबर से गोवर्धन प्रतिमा बनाकर पंडित गोलु महराज जी ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कराई। इस अवसर पर खरसिया नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग और उपाध्यक्ष बंटी सोनी जी भी अपनी टीम के साथ गौ पर्व में शामिल हुए और सबने मिलकर गौ पर्वत की परिक्रमा की।
राकेश केशरवानी और उनकी समर्पित टीम ने इस शुभ अवसर पर गायों की विशेष सेवा की। गौवंश को रोटी, गुड़, चना और हरी सब्जी का भोग लगाया गया। गौसेवक राकेश केशरवानी ने इस दौरान वर्तमान में कष्टमय जीवन जी रहे गौवंश की रक्षा, सुरक्षा और संवर्धन के लिए भगवान श्री कृष्ण कन्हैया से विशेष मंगलकामना की, साथ ही प्रदेशवासियों की खुशहाली की भी प्रार्थना की।
इस पुण्य कार्य में गौसेवक पत्रकार विष्णु शर्मा, कैलाश शर्मा, पार्षद दीपक, पार्षद चीनु शर्मा, राहुल अग्रवाल, हर्ष शर्मा, डा श्रवण श्रीवानी, आनंद अग्रवाल, प्रभात तिवारी, वैभव साव सहित संगठन के कई सदस्य और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने गौ माता के प्रति अपनी असीम श्रद्धा व्यक्त की।
गौ सेवक राकेश केशरवानी का यह प्रयास न केवल एक धार्मिक अनुष्ठान है, बल्कि समाज को गौवंश की सेवा और उसके महत्व को समझाने की दिशा में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल भी है।




