स्वामी आत्मानंद स्कूल नंदेली में विधायक उमेश पटेल ने फहराया तिरंगा, हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

खरसिया, 15 अगस्त 2025। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नंदेली में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर खरसिया विधायक उमेश पटेल ने विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया और सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

सुबह 7:30 बजे विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे गांव में प्रभात फेरी निकाली, जिसमें उन्होंने देशभक्ति के गीतों और नारों के साथ स्वतंत्रता के महत्व को दर्शाया। प्रभात फेरी के बाद मुख्य समारोह में विधायक उमेश पटेल ने तिरंगा फहराया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “आप सभी देश का भविष्य हैं। कड़ी मेहनत और अच्छी शिक्षा के साथ अपने सपनों को साकार करें और देश के विकास में योगदान दें।”

कार्यक्रम में विद्यालय समिति के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र पटेल, प्राचार्य मदन कुमार पटेल, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस राष्ट्रीय पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया और देश की एकता व अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल स्वतंत्रता दिवस के प्रति सम्मान को दर्शाता है, बल्कि विद्यार्थियों में देशभक्ति और शिक्षा के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा देता है।