
खरसिया। खरसिया विकासखण्ड के ग्राम तेलीकोट में आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ महोत्सव में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। इस पावन अवसर पर क्षेत्रीय विधायक उमेश पटेल विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने व्यासपीठ का विधिवत आशीर्वाद लिया और समस्त ग्रामवासियों तथा क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि के लिए मंगलकामना की।
विधायक उमेश पटेल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सांस्कृतिक मूल्यों और आपसी भाईचारे को सशक्त करते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर जनसमस्याओं की जानकारी भी ली और समाधान का आश्वासन दिया।
व्यासपीठ से संगीतमय श्रीकृष्ण कथाओं ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे यह कार्यक्रम सामाजिक एकता और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक बन गया। ग्रामवासियों ने विधायक उमेश पटेल एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर होने की कामना की।



