
रायगढ़। नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर शहर की सियासत अपने चरम पर पहुंच गई है। जहां भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने प्रत्याशियों के प्रचार में जुटी हैं, वहीं निर्दलीय प्रत्याशी जेठूराम मनहर ने अपने ऐतिहासिक रोड शो से सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। शनिवार को निकाले गए उनके भव्य रोड शो में 04 के पार्षद प्रत्याशी उनके बेटे मयंक मनहर और वार्ड नंबर 03 के प्रत्याशी सचिन केरकेट्टा के साथ हजारों समर्थकों का जनसैलाब उमड़ा, जिसने रायगढ़ की चुनावी फिजा को बदलकर रख दिया।

शहर भर में चर्चा का विषय बनी रैली
निर्दलीय प्रत्याशी जेठूराम मनहर ने अपने चुनाव चिन्ह “कांच का गिलास” के साथ रामभांठा से रोड शो की शुरुआत की। यह काफिला रामलीला मैदान पहुंचा, जहां शहरभर से उनके समर्थक जुड़ते गए। इसके बाद रैली गद्दी चौक, मंदिर चौक, हेमू कॉलोनी चौक, रामनिवास चौक, सुभाष चौक, स्टेशन चौक, सत्ती गुड़ी चौक समेत प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस रामलीला मैदान में संपन्न हुई। इस दौरान समर्थकों का जोश देखते ही बन रहा था, और हर जगह इस भव्य रैली की चर्चा होती रही।
जेठूराम बोले – ‘यह जनता का प्यार है’
रैली के समापन पर जेठूराम मनहर ने कहा कि यह जनसैलाब उनके लिए सिर्फ एक चुनावी रैली नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और प्रेम की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा, “मैं पहले भी रायगढ़ का महापौर रहा हूं और पांच साल तक ईमानदारी से सेवा की। जनता का यह समर्थन उसी का परिणाम है।” उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि यदि वे दोबारा महापौर चुने जाते हैं, तो रायगढ़ को एक आदर्श नगर निगम बनाएंगे।

‘स्कूटी से हर गली में जाऊंगा’
जेठूराम ने ऐलान किया कि वे स्कूटी से हर गली-मोहल्ले में पहुंचकर जनता से सीधा संवाद करेंगे। उन्होंने कहा, “महापौर ऐसा होना चाहिए जो जनता की तकलीफ सुने और उसका हल निकाले, न कि सिर्फ बड़े नेताओं के आदेश का इंतजार करे।”
भाजपा और कांग्रेस पर तीखे हमले
अपने भाषण में जेठूराम मनहर ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर जमकर निशाना साधा। भाजपा प्रत्याशी को लेकर कहा जनता भाजपा के उम्मीदवार को कतई स्वीकार नहीं करेगी। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में “विकास ठप रहा और वे सिर्फ निगम कार्यालय में बैठकर मोबाइल चलाने में व्यस्त रहे।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए भी रायगढ़ को दस साल पीछे धकेल दिया है।

भीड़ देखकर दोनों पार्टियों में बढ़ी बेचैनी
रैली के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने “कांच के गिलास” पर वोट देने की प्रतिबद्धता जताई। शहरभर में इस रैली की चर्चा है, और इसे रायगढ़ की चुनावी लड़ाई में नया मोड़ माना जा रहा है। जेठूराम मनहर की इस ताकतवर एंट्री ने रायगढ़ के चुनावी समीकरण बदल दिए हैं। अब देखना होगा कि यह भीड़ वोटों में तब्दील होती है या नहीं?

एक नजर जेठूराम मनहर के घोषणा पत्र पर
- जीवनदायिनी केलो माई के उद्धार के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
- रायगढ़ नगर निगम को डेंगू मुक्त बनाना प्राथमिकता होगी।
- न्यू मार्केट की दुकानों एवं संजय कॉम्प्लेक्स की सब्जी मंडी को व्यापारियों से चर्चा कर व्यवस्थित रूप से विकसित किया जाएगा, जिसमें पसरा, दुकान एवं अन्य निर्माण कार्य शामिल होंगे।
- गरीबी रेखा के अंतर्गत जीवन यापन करने वाले परिवारों की बेटियों के विवाह में कन्यादान स्वरूप 3100 रुपये की राशि नगर निगम द्वारा प्रदान की जाएगी।
- रायगढ़ नगर निगम की पेयजल समस्या को दूर करने के लिए अमृत मिशन के अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा, ताकि शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।
- रायगढ़ नगर निगम में शामिल ग्रामीण वार्डों से प्राप्त कर (टैक्स) का 90% हिस्सा संबंधित वार्डों के विकास में लगाया जाएगा एवं उनकी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
- नगर निगम के कर (टैक्स) प्रणाली में पारदर्शिता लाई जाएगी, अनावश्यक चार्ज, सरचार्ज एवं यूजर चार्ज को हटाने की दिशा में पहल की जाएगी।
- रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के सभी तालाबों (जैसे जयसिंह तालाब, बुधबधान तालाब आदि) का सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार किया जाएगा।
- रायगढ़ शहर के सभी छठ घाटों का विस्तार एवं नव निर्माण किया जाएगा।
- शहर के बेरोजगार युवाओं एवं महिला समूहों के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने हेतु रिक्त पड़े शासकीय भूखंडों पर दुकानें बनाकर उन्हें आवंटित किया जाएगा।
- रामलीला मैदान, संजय मैदान एवं अन्य खेल मैदानों को खेल प्रेमियों के लिए सुव्यवस्थित किया जाएगा।
- मीना बाजार, सर्कस एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए नगर निगम क्षेत्र में अलग से स्थान चिन्हित कर उसे सुरक्षित किया जाएगा।
- यातायात व्यवस्था को जिला प्रशासन एवं स्थानीय नागरिकों की मदद से बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
- रायगढ़ नगर निगम द्वारा निर्मित सभी दुकानों एवं गरीबों को आवंटित आवासों का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
- निगम क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने हेतु नियमित निरीक्षण किया जाएगा।
- शासन की सभी लाभकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी।
- आईटीआई परिसर एवं अन्य स्थानों पर अधूरी निर्मित दुकानों का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।
- रायगढ़ के वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक सर्व-सुविधायुक्त “हमर सियान भवन” का निर्माण किया जाएगा।
- महापौर निधि की संपूर्ण राशि का उपयोग शहर को डेंगू मुक्त बनाने एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी कार्यों में किया जाएगा।
- इतवारी बाजार (ऑक्सीजन जोन) में प्रभावित लघु एवं छोटे व्यापारियों के पुनर्वास की उचित व्यवस्था की जाएगी।
- बुढ़ी माई (करबला) तालाब के सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण के लिए विशेष पहल की जाएगी।

