
खरसिया। जैसे-जैसे नगरपालिका चुनाव की मतदान तिथि नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे भाजपा एवं कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दल अपनी स्थिति को लगातार मजबूत करने में लगे हुए है। इसी तारतम्य में खरसिया नगर के अजेय पार्षद संजय अग्रवाल (सोनू) अपने साथियों सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुनील शर्मा के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व मंत्री उमेश पटेल के नंदेली निवास पहुंचकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
सोनू पार्षद से चर्चा करने पर उन्होंने बताया की मैने अपना राजनीतिक जीवन कांग्रेस से ही प्रारंभ किया था तथा मैने लोकप्रिय विधायक उमेश पटेल के नेतृत्व में एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुनील शर्मा के मार्गदर्शन में घर वापसी की है। सोनू से पूछे जाने पर की किस वार्ड से प्रत्याशी बनाया जावेगा। उन्होंने कहा महोदय जो भी निर्णय लेंगे मुझे मंजूर है। लेकिन ऐसी जानकारी मिल रही है की इनका वार्ड नंबर 15 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ना निश्चित है।
जहां तक भारतीय जनता पार्टी की गतिविधियों का सवाल है भाजपा के अध्यक्ष पद के संभावित प्रत्याशी कमल गर्ग स्वयं वरिष्ठ एवं सक्रिय नेताओं के साथ प्रत्येक वार्डो का भ्रमण कर लगातार बैठके ले रहे है एवं भाजपा पार्षद प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहे है।

