नशे में दोस्त को बताई सच्चाई, जेल पहुंचा दरिंदा; सेक्स से इनकार पर महिलाओं को देता था मौत

आपने कई लोगों के मुंह से सुना होगा की शराब पीकर इंसान सच बोलता है। यह बात छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में रहने वाले एक शख्स को लेकर सच साबित हुई है। शख्स ने दो महिलाओं की हत्या की थी, लेकिन पकड़ा नहीं गया। मगर शराब के नशे में उसने अपने एक दोस्त को अपनी करतूत बता दी। जिसके बाद पुलिस ने 32 साल के दिव्यांग (हियरिंग इंपेयर्ड) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि उसे अपने गांव की एक महिला की कथित तौर पर हत्या करने के चार साल बाद पकड़ा गया है। उसने दोस्त को बताया था कि एक महिला की हत्या उसने पिछले साल की थी।

आरोपी की पहचान 32 साल के तेजराम कोंडा के तौर पर हुई है। वह अपने माता-पिता और दो भाई-बहनों के साथ बलौदा बाजार जिले के एक गांव में रहता था। पुलिस के अनुसार, कोंडा ने 29 मई, 2020 को गांव की एक 36 साल की मानसिक रूप से बीमार महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी थी। मृतका का शव उसके घर से लगभग 100 मीटर दूर एक पेड़ के पास मिला था। आरोपी कथित तौर पर महिलाओं का यौन शोषण करता था।

पुलिस ने बताया कि महिला द्वारा उसकी यौन डिमांड को मना करने पर गुस्से में उसने उसके सिर पर डंडे से वार करके हत्या कर दी। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसे पेड़ से लटकाने की कोशिश की, लेकिन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया। हालांकि, उसके बाद मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। लगभग तीन साल बाद 13 मार्च को पुलिस को उसी गांव की 56 साल की महिला का शव उसके घर के पास बने तालाब में मिला। उसके भी सिर पर चोट के निशान थे और अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार, करीब एक महीने बाद, नशे में धुत कोंडा ने अपने एक दोस्त को सांकेतिक भाषा में बताया कि उसने 56 साल की महिला की हत्या की है। जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी मिली। बाद में, जब किशोर वासनिक ने पुलिस सुपरिटेंडेंट की जिम्मेदारी संभाली और अनसुलझे मर्डर्स की छानबीन की, तो उन्हें दो हत्या के ऐसे मामले मिले, जिनमें समानताएं थीं।

वासनिक ने कहा, ‘दोनों मामलों में, महिलाएं महीनों तक अकेली रहती थीं, क्योंकि उनके परिवार के सदस्य काम के सिलसिले में बाहर की यात्रा करते थे। साथ ही, दोनों महिलाएं गांव के दो कोनों में एकांत इलाकों में रहती थीं। हत्याओं के तरीके में समानताएं थीं, जैसे कि दोनों के सिर पर वार किया गया और उनके शवों को उनके घरों से घसीटकर बाहर निकाला गया।’ पुलिस अधिकारी ने बताया, कोंडा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। जिसके बाद उसे छह सितंबर को अरेस्ट कर लिया गया। महिलाओं ने जब उसकी सेक्स डिमांड को मना कर दिया तब उसने उनपर हमला किया।