‘एक पेड़ मां के नाम’: पर्यावरण जागरूकता के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में लगाए गए पौधे

रायगढ़, 30 अगस्त 2024/ एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत कृषि विज्ञान केंद्र रायगढ़ द्वारा विभिन्न ग्रामों में पौधा रोपण हेतु पौधे वितरित किये। साथ ही पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम किया गया एवं कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में पौधा रोपण किया गया।

उल्लेखनीय है कि विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 5 जून 2024 को नई दिल्ली में एक पेड़ माँ के नाम अभियान का शुभारंभ किया। जिसके तहत लोग इसे एक जनआंदोलन का रूप लेते हुए एक पेड़ लगाकर अपनी माँ और धरती माँ के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए इसमें भाग ले रहे हैं। पेड़ लगाने से सरकार द्वारा शुरू किए गए मिशन लाइफ जो पर्यावरण के प्रति जागरूक जीवनशैली का एक जन आंदोलन है, के उद्देश्य की पूर्ति भी होती है।

कृषि में पेड़ लगाना टिकाऊ खेती को प्राप्त करने के लक्ष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। पेड़ मिट्टी, पानी की गुणवत्ता में सुधार करके और जैव विविधता को बढ़ाकर कृषि उत्पादकता में सुधार करने में मदद करते हैं। पेड़ किसानों को अतिरिक्त आय का स्रोत भी प्रदान करते हैं। इस अभियान में भूमि क्षरण और मरुस्थलीकरण को रोकने और भूमि को हरा-भरा करने की अपार क्षमता है।