तेज रफ्तार ट्रैक्टर से उछलकर गिरी महिला, कमर पर चढ़ गया चक्का, हुई मौत! बासनपाली की घटना, मामला दर्ज

रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। तेज रफ्तार ट्रैक्टर पर बैठी महिला के गिरने से मौत हो गई है। घटना कल दोपहर बासनपाली गांव की है। महिला की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

तमनार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका उर्मिला मांझी उम्र करीबन 35 वर्ष, अपने पति को छोड़कर ट्रैक्टर चालक नंदलाल मांझी के साथ ग्राम मोहलाई में पत्नी के रूप में रह रही थी। जहां दोनों साथ रहकर मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे थे।

कल दोनों ट्रैक्टर में सरिया लोड कर ग्राम बासनपाली खाली करने के लिए गए थे। सरिया खाली हो जाने के बाद ट्रैक्टर में दोनों महलोई लौट रहे थे। तभी बासनपाली के जगन्नाथ मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर से उछलकर उर्मिला गिर गई, और ट्रैक्टर का बीच वाला पहिया कमर पर चढ़ गया। घटना के बाद डायल 112 को सूचना दी गई, इवेंट मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और उर्मिला को तमनार अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई।