छत्तीसगढ़ में हर दो दिन दो विभागों की समीक्षा करेंगे मुख्यमंत्री, कितना हुआ काम कितना बाकी अब देनी होगी जानकारी

ऐप पर पढ़ें

आचार संहिता खत्म होने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री एक्शन मोड में आ गए हैं। लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद अब शासकीय कामकाज में कसावट और तेजी लाने के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 13 जून से सभी विभागों के कामकाज और योजनाओं की प्रगति और उनकी समीक्षा शुरू करने जा रहे हैं। जिसे लेकर टाइम शेड्यूल जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के द्वारा ली जाने वाली समीक्षा बैठक में विभागों के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 13 जून से इस बैठक की शुरुआत करने जा रहे हैं। जिसके तहत सबसे पहले कृषि विभाग की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद औद्योगिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन, दुग्ध महासंघ के कामकाज की समीक्षा की जाएगी।  वहीं इसके बाद 14 जून को स्वास्थ्य विभाग चिकित्सा विभाग औषधि प्रशासन की समीक्षा होगी। इसी तरह से रोजाना छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विभागों की अलग-अलग समीक्षा करेंगे। 

पहले दो‌ दिन इन विभागों की होगी बैठक

मुख्यमंत्री साय 13 जून को दोपहर 1 बजे से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग तथा अपरान्ह 3 बजे से पशुधन विकास, मत्स्यपालन एवं दुग्ध महासंघ के काम-काज की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री 14 जून को सुबह 11.30 बजे से स्वास्थ्य विभाग तथा दोपहर 3 बजे चिकित्सा शिक्षा, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे। मुख्यमंत्री 15 जून को सुबह 11.30 बजे से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा दोपहर 2 बजे से गृह एवं जेल विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे।