Raigarh Big News : सिद्धि फ्यूल पेट्रोल पंप में कर्मचारियों से मारपीट कर नगदी लूट के फरार! घटना CCTV में कैद, चंद घण्टों में रायगढ़ के 7 संदेहियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार.. पढ़िए पूरी खबर.!!

रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत रायगढ़- सारंगढ़ हाईवे पर कठली गांव में स्थित सिद्धि फ्यूल पेट्रोल पंप में बीती रात स्कार्पियो सवार सात लोगों ने धावा बोलकर स्टॉफ के साथ मारपीट और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पेट्रोल पंप के संचालक ने बताया कि उन्होंने थाने में घटना की शिकायत दर्ज की है जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर रायगढ़-सारंगढ़ हाईवे किनारे कठली गांव में रौनक ढाबा के पास संचालित सिद्धि फ्यूल पेट्रोल पंप पर लूटपाट की एक बड़ी घटना घटी है। बीते बुधवार 22 मई की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच स्कार्पियो वाहन (CG13AA9450) में सवार सात लोग पेट्रोल पंप पर पानी पीने के बहाने उतरे और पेट्रोल पंप परिसर में ही लघुशंका करने लगे। उनकी इस गंदी हरकत को देख पंप के कर्मचारियों ने उन्हें मना किया, जिसपर वे गाली-गलौज और मारपीट पर उतर आए।

पेट्रोल पंप संचालक विनोद चौधरी ने बताया कि मारपीट के बाद उन सात अज्ञात लोगों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से करीब 1 लाख 60 हजार नगद रुपए लूट लिए और स्कॉर्पियो में सवार होकर रायगढ़ की ओर फरार हो गए। अचानक हुए इस घटना से पेट्रोल पंप में हड़कंप मच गया। पीड़ित स्टॉफ ने तुरंत पेट्रोल पंप के संचालक विनोद चौधरी निवासी तुपकधार को घटना की जानकारी दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुसौर पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए रायगढ़ शहर के सात संदेहियों को पकड़ा है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है।

बताया जा रहा है कि मामला अब और पेचीदा हो गया है क्योंकि जिन सात संदेहियों को पुलिस ने पकड़ा है उन्हें छुड़ाने या यूं कहें इस मामले को रफा-दफा करने के लिये रायगढ़ के कुछ नेता कोशिश में लगे हुए हैं। और पेट्रोल पंप संचालक और पुलिस पर समझौता करने का दबाव डाल रहे हैं। दबाव में आकर शिकायतकर्ता के पीछे हटने की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता।

ऐसे में पुलिस को पीड़ित पक्ष को न्याय सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी ताकि ऐसे मारपीट और लूटकांड को अंजाम देने वाले आरोपियों को सजा मिल सकें। इस वारदात की पूरी घटना पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

फिलहाल वर्दीधारीयों ने मामले में FIR नहीं किया है। जल्द से जल्द इस मामले में पुलिस को पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाते हुए आरोपियों को सबक सिखाना चाहिए ताकि कानून का भय बना रहे। खबर है कि पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने आरोपीयों की पहचान कर ली है। जल्द ही यह खबर अपडेट की जाएगी.

प्रार्थी द्वारा लिखित में की गई शिकायत
वारदात में उपयोग की गई स्कॉर्पियो