छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का बड़ा दावा, इस बार जीत रहे प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटें

ऐप पर पढ़ें

छत्तीसगढ़ में अंतिम चरण यानी लोकसभा के तीसरे चरण के मतदान पूरे होने के बाद अब प्रदेश की सभी 11 सीटों पर चुनाव पूरे हो चुके हैं। चुनाव खत्म होने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जनता ने इतनी भीषण गर्मी में भी मतदान करके अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य को निभाया है। उन्होंने जनता का अभिनंदन करते हुए कहा इस बार राज्य की सभी 11 सीटों पर कांग्रेस के मजबूती से जीत कर आने का दावा किया है। 

जनता चाहती है मोदी सरकार की विदाई

प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जनता बीजेपी के 10 साल के कुशासन और वादाखिलाफी से परेशान है। इस बार जनता देश में बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा मतदाता भीषण गर्मी में भी मतदान केंद्र पहुंचे और कांग्रेस के पक्ष में वोट किया। जनता मोदी सरकार में बढ़ी महंगाई, बेरोजगारी से परेशान है। इस बार जनता ने बीजेपी के खिलाफ वोट करके मोदी सरकार की विदाई का मन बना लिया है।

संविधान बदलने के लिए बीजेपी दे रही 400 पार का नारा

दीपक बैज ने कहा पूरे देश भर में मोदी सरकार के खिलाफ वातावरण दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा जनता यह जान चुकी है कि भाजपा संविधान को बदलना चाहती है इसलिए 400 पार का नारा दे रही है। 400 पार का खोखला नारा देने वाली भाजपा की 150 तक पहुंचने की भी उम्मीद नहीं लग रही है।