छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर में नक्सली मुठभेड़, जवानों ने एक नक्सली को किया ढेर, मौके से खतरनाक विस्फोटक बरामद

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां नक्सलियों और जवानों के बीच जमकर मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में जवानों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए एक नक्सली को मार गिराया है। यह घटना गरियाबंद जिले से लगे ओडिशा सीमा क्षेत्र की बताई जा रही है। वही घटनास्थल से जवानों को बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और नक्सली दैनिक सामग्रियां बरामद हुई है।

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में ओडिशा की‌ सीमा पर जवान सर्चिंग पर निकले हुए थे। इस दौरान जवानों को नक्सलियों के मूवमेंट की जानकारी मिली। जानकारी मिलने के बाद जवान जब नक्सलियों की तरफ बढ़े उसे दौरान जंगल में छुपे नक्सलियों ने जवानों पर गोली चलाना शुरु कर दिया। इसके बाद जवानों ने नक्सलियों की गोलियों का जवाब देते हुए फायरिंग की है। जवानों के द्वारा की गई इस फायरिंग में एक पुरुष नक्सली ढेर हो गया है।

जानकारी के मुताबिक शोभा थाना क्षेत्र के गरिबा के जंगल में जवानों और नक्सलियों के बीच जमकर मुठभेड़ हुई है। यह कार्रवाई ओडिशा के नबरंगपुर पुलिस और एसओजी ने की है। बताया जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की खबर के बाद बीती रात जवानों की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।