सांई मंगलम कॉलोनी में हनुमान जन्मोत्सव पर भंडारा

रायगढ़। टीवी टावर रोड स्थित सांई मंगलम कॉलोनी में हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सोमवार सुबह से शुरू हुआ अखंड रामायण पाठ मंगलवार सुबह पूरा हुआ। इसके बाद पूजन-हवन उपरांत भंडारा हुआ। सभी भक्तों को महाप्रसाद का वितरण किया गया। सांई मंगलम कॉलोनी में हनुमान जन्मोत्सव के कार्यक्रम सोमवार से प्रारंभ होकर मंगलवार को खत्म हुए। सोमवार सुबह दस बजे से शुरू हुआ अखंड रामायण पाठ मंगलवार सुबह तक चला। समस्त कॉलोनीवासी एकजुट होकर हनुमान जी की भक्ति में लीन रहे। कॉलोनी के हर परिवार ने इस आयोजन में शामिल होकर भक्तिरस का रसपान किया। बुजुर्ग, महिला, बच्चे सभी ने कार्यक्रम का आनंद लिया।

बच्चों को राम, सीता, हनुमान और शिवजी की वेशभूषा में तैयार किया गया। अध्यक्ष अलेख डनसेना और सचिव राघवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव पर कॉलोनी में भक्तिमय वातावरण रहा। मंगलवार को सुबह से हवन-पूजन हुआ। पूर्णाहुति के बाद भगवान को भोग लगाया गया। इसके बाद भक्तों में प्रसाद बांटा गया। कॉलोनी के मंदिर परिसर में विशाल भंडारा का आयोजन किया गया। इसमें कॉलोनी के लोगों के अलावा आसपास के मोहल्लों के लोग भी शामिल हुए। भोगप्रसाद का सबने आनंद लिया। अनाथाश्रम के बच्चों को भी भोजन दिया गया। सोमवार को बच्चों के बीच हनुमानजी का चित्र बनाने की प्रतियोगिता हुई। इसमें टॉप तीन बच्चों को पुरस्कृत किया गया। शेष बच्चों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। इस आयोजन में राजेश पटेल, गोविंद साहू, नोमेश साहू, प्रशांत शर्मा, सुजीत गोपाल, दिनेश चंद्राकर, आकाश झरिया, पुष्पेंद्र पटेल आदि ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।