पीएम मोदी के छत्तीसगढ़ पहुंचने से पहले कांग्रेस ने पूछे कई सवाल, रामकाज की बात, देखें सवालों की लिस्ट

लोकसभा चुनाव में दौरान पीएम मोदी छत्तीसगढ़‌ दौरे पर आ रहे हैं। इस बीच‌ प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने पीएम मोदी और भाजपा से 10 सवाल किए है। भाजपा विधायक धरमजीत सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि जनता अब भाजपा सरकार को राम-राम बोलकर विदाई देगी। भाजपा सरकार 10 साल में रामकाज नहीं कर पायी, हर वर्ग को हताशा और प्रताड़ना मिला है। रसोई से लेकर सड़क तक भाजपा सरकार का एक ही मकसद था जनता से सिर्फ पैसा वसूलना। महंगाई की मार जनता को पड़ी है रोजगार छिना गया है, आम जनता की आय तो बढ़ी नहीं बल्कि परेशानियां चार गुना बढ़ी है, यह रामराज नहीं है।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा को राम-राम कर जनता अब कांग्रेस का बटन दबाकर रामराज की मार्ग में चलकर काम करने वाली सरकार बनाएगी। आजादी के बाद जब इस देश में दो वक्त का भोजन भी नहीं था, ना बजट था, ना सुविधा थी तब कांग्रेस की सरकार ने योजनाबद्ध तरीके से देश को मजबूत किया था। आधुनिक किया था, सेना को मजबूत किया था। एम्स हॉस्पिटल, केंद्रीय विद्यालय और नवोदय जैसे स्कूल, कॉलेज, आईआईटी, एचएमटी, भेल, आईआईएम, एनडीआई, डीआरआई, सेल, इसरो, ओएनजीसी स्टील प्लांट रेलवे के कई कारखाने भाखड़ा नांगल, हीराकुंड जैसे बांधों का निर्माण किया था। हरित क्रांति श्वेत क्रांति संचार क्रांति पंचवर्षीय योजनाएं बनाई। शिक्षा का अधिकार, भोजन का अधिकार, सूचना का अधिकार, मनरेगा जैसे योजना लाकर लोगों को सशक्त बनाया। भारत का सम्मान विश्व में बढा। अनेक संस्थाओं का निर्माण किया था। यह राम काज कांग्रेस की सरकार ने किया था।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा की सरकार यदि जनता से किये वादा को पूरा करती तो भाजपा नेता मंच के माध्यम से मोदी सरकार की उपलब्धियां का बखान करते। दुर्भाग्य की बात है 10 साल सरकार में रहने के बाद भाजपा के पास मंच से बताने के लिए मोदी सरकार की उपलब्धि कुछ भी नहीं है। इसलिए भाजपा नेता फिर राम के नाम से गौ माता के नाम से वोट देने की अपील कर रहे हैं। जनता समझदार है भाजपा के इस चरित्र को जानती और पहचानती है।‌