8 महीने से पड़ोसन के अंडरगारमेंट चोरी कर रहा था शख्स, हो गया बड़ा बवाल; 10 जख्मी

अहमदाबाद के धंधुका तालुका के एक गांव में महिला के अंडरगारमेंट चोरी किए जाने की घटना को लेकर दो गुटों में ऐसा बवाल बढ़ा की 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने अंडरगारमेंट चोरी किए जाने को लेकर भड़के बवाल में 20 लोगों को पकड़ा है। बताया जाता है कि 27 जून को पच्छम गांव में दो गुटों में विवाद तब बढ़ गया जब एक 30 वर्षीय महिला ने अपने 31 वर्षीय पड़ोसी पर आठ महीने तक उसके अंडरगारमेंट्स चुराने का आरोप लगाया। धंधुका पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महिला अपने अंडरगारमेंट को सुखाने के लिए जब-जब धूप में डालती थी तब-तब ये गायब हो जाते थे। 

‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला अपने अंडरगारमेंट की बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान थी। आखिरकार उसने चोर को रंगे हाथ पकड़ने का फैसला किया। महिला ने अपने सेलफोन का कैमरा ऑन करके उसको गुप्त जगह पर सेट कर दिया। कैमरा लगातार वीडियो अपलोड कर रहा था। चोर जब महिला के अंडरगारमेंट चुराने आया तो उसकी आपत्तिजनक फुटेज भी कैमरे में कैद हो गई। 

महिला ने 26 जून को फुटेज चेक किए तो वह हैरान रह गई। चोर कोई और नहीं उसका पड़ोसी था जो उसके अंडरगारमेंट चुरा रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया अगले दिन महिला ने गुप्त रूप से उस पड़ोसी  पर नजर रखी और उसे अपने अंडरगारमेंट चुराते हुए देखा। उसने उसका पीछा किया और चुराए गए सारे अंडरगारमेंट का पता लगा लिया। वह गुस्सा होकर पड़ोसी से भिड़ गई। गुस्साए पड़ोसी ने कथित तौर पर महिला के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की।

छेड़छाड़ की घटना पर महिला चिल्लाने लगी तब उसके परिवार के सदस्य लाठियों से लैस होकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने उस व्यक्ति और उसके रिश्तेदारों पर हमला बोल दिया। बाद में उस व्यक्ति के रिश्तेदारों ने पलटवार करते हुए महिला के परिजनों पर हमला बोल दिया। धंधुका पुलिस के इंस्पेक्टर पीएन जिंजुवाडिया ने बताया कि मारपीट में लगभग दस लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों से करीब 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। महिला के परिजनों के खिलाफ बलवा और मारपीट के आरोप में केस दर्ज किया गया है जबकि अंडरगारमेंट चुराने वाले पड़ोसी और उसके नौ रिश्तेदारों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और बलवा की धराएं लगाई गई हैं।