मानवीय पहल की मिसाल : बीमार ड्राइवर की मदद को आगे आया संगठन

खरसिया।‌ खरसिया ब्लॉक में छत्तीसगढ़ ड्राईवर महासंगठन ने एक बार फिर सामाजिक संवेदनशीलता का परिचय दिया। प्रदेश प्रभारी संतोष देवांगन के मार्गदर्शन में बंजारी निवासी संगठन से जुड़े ड्राइवर चंदन कुमार चौहान की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही संगठन के पदाधिकारी और सदस्य तुरंत सक्रिय हो गए। संगठन के साथियों ने चंदन चौहान को खरसिया सिविल अस्पताल पहुंचाकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें टीबी और पीलिया जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित बताया। इसके बाद संगठन द्वारा तुरंत उनका इलाज शुरू करवाया गया। संगठन ने न केवल इलाज की जिम्मेदारी उठाई, बल्कि पीड़ित ड्राइवर और उनके परिवार को भोजन, नाश्ता और हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

खरसिया ब्लॉक अध्यक्ष शंभूनाथ डनसेना ने 1100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और इलाज अवधि तक परिवार के लिए आटे की व्यवस्था करने की बात कही। इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे, जिनमें संरक्षक संजू साहू, सचिव संतोष ओझा, मीडिया प्रभारी बजरंग निषाद, आनंद डनसेना, योगेश डनसेना, धनीराम, बीरेंद्र डनसेना, लक्ष्मण निषाद, धरमजयगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष सुलेश्वर पटेल, जिला मीडिया प्रभारी गणेश साहू सहित अन्य साथी शामिल रहे। संगठन की इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है, जहां जरूरतमंद साथी के लिए एकजुट होकर मदद का हाथ बढ़ाया गया।