
- सरपंच–उपसरपंच के नेतृत्व में हुआ भूमिपूजन, ग्रामीणों में खुशी की लहर
खरसिया, 06 फरवरी। खरसिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत दर्रामुड़ा एवं ग्राम पंचायत बिंजकोट में विकास कार्यों की नई शुरुआत हुई। सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड कंपनी द्वारा अपने सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया गया। ग्राम पंचायत दर्रामुड़ा में नवीन सामुदायिक भवन निर्माण तथा ग्राम पंचायत बिंजकोट में सीसी रोड निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर दोनों गांवों के सरपंच एवं उप-सरपंचों ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया।
दर्रामुड़ा में सरपंच–उपसरपंच की अगुवाई में भूमिपूजन
ग्राम पंचायत दर्रामुड़ा में सरपंच सुरेश कुमार राठिया एवं उप-सरपंच कुश कुमार पटेल के नेतृत्व में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु भूमिपूजन किया गया। इस दौरान मुकेश पटेल, लव पटेल, गिरीश राठिया, त्रिलोचन पटेल, दिनेश पटेल, कृष्णा चंद पटेल, सोनू पटेल, भूषण निषाद, ठंडाराम पटेल, इंद्रजीत जायसवाल, मनोज पटेल, छोटेलाल पटेल, दिगंबर पटेल, अशोक निषाद, हरीश पटेल, अजय पटेल, नीलकंठ निषाद, खेमेश्वर पटेल, सुरज निषाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने कहा कि सामुदायिक भवन बनने से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी।
बिंजकोट में सीसी रोड निर्माण से बदलेगा गांव का स्वरूप
वहीं ग्राम पंचायत बिंजकोट में सरपंच महेंद्र कुमार राठिया एवं उप-सरपंच ओंकार पटेल द्वारा सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर हरिलाल पटैल, रामकुमार कुम्हार, रोहित कुम्हार, पुरुषोत्तम कुम्हार, खुशीराम, हुलसराम, उजीतराम, रतनलाल, पंचूराम, घनश्याम, मोहन, लेखराम, सीताराम, कीर्तन, कपिलदेव, योगेश, नेतराम, सोमनाथ यादव, लालसाय राठिया सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बताया कि सीसी रोड बनने से आवागमन सुगम होगा और बारिश के दिनों में होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी।
सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड का CSR योगदान सराहनीय
उल्लेखनीय है कि खरसिया क्षेत्र के ग्राम बिंजकोट-दर्रामुड़ा में स्थित सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड कंपनी द्वारा सामाजिक दायित्व निभाते हुए दोनों गांवों में यह निर्माण कार्य सीएसआर मद से स्वीकृत किए गए हैं। इस अवसर पर कंपनी की ओर से एचआर हेड अतित नामदेव, सुनील प्रधान, योगेश नायक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि कंपनी भविष्य में भी क्षेत्र के विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं सामुदायिक भवन जैसे जनहितकारी कार्यों को निरंतर सहयोग देती रहेगी।
गांव के विकास की दिशा में बड़ा कदम
सरपंचों एवं उप-सरपंचों ने कंपनी प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि CSR के माध्यम से गांवों को मूलभूत सुविधाएं मिल रही हैं, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार होगा। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने निर्माण कार्य शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने की कामना की।

