खरसिया में कांग्रेस संगठन विस्तार : शहर के लिए सुनील शर्मा और ग्रामीण क्षेत्र के लिए मनोज गवेल की महत्वपूर्ण नियुक्ति

  • उमेश पटेल के करीबी सहयोगियों के नेतृत्व में पार्टी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद

खरसिया, 14 जनवरी। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में लंबे इंतजार के बाद संगठन विस्तार की सुगबुगाहट अब जमीनी स्तर पर दिखने लगी है। आज एआईसीसी द्वारा प्रदेश के 307 ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जारी की गई है, जिसमें खरसिया विधानसभा क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण नियुक्तियां हुई हैं। खरसिया शहर की कमान सुनील शर्मा को सौंपी गई है, वहीं ग्रामीण क्षेत्र की जिम्मेदारी एक बार फिर मनोज गवेल पर भरोसा जताते हुए उन्हें दी गई है। ये दोनों ही नेता क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक उमेश पटेल के बेहद करीबी और विश्वसनीय साथी माने जाते हैं।

सुनील शर्मा के रूप में जहां शहर को नया नेतृत्व मिला है, वहीं मनोज गवेल के अनुभव को संगठन ने ग्रामीण क्षेत्रों में फिर से दोहराया है। इन नियुक्तियों की घोषणा होते ही खरसिया कांग्रेस परिवार में उत्साह का माहौल है और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की है। समर्थकों का मानना है कि इन दोनों नेताओं की जमीनी पकड़ और कार्यकर्ताओं के साथ उनके सीधे संवाद से आने वाले समय में संगठन को काफी मजबूती मिलेगी।

शहीद नंदकुमार पटेल की कर्मभूमि होने के नाते खरसिया हमेशा से कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है। ऐसे में सुनील शर्मा और मनोज गवेल के कंधों पर अब पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने की बड़ी जिम्मेदारी है। क्षेत्र के लोगों और कांग्रेस समर्थकों को उम्मीद है कि उमेश पटेल के मार्गदर्शन में यह जोड़ी संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। फिलहाल दोनों नवनियुक्त अध्यक्षों को क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं की ओर से बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।