रामदास द्रौपदी फाउंडेशन ने वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया

रायगढ़, 01 जुलाई – रामदास द्रौपदी फाउंडेशन ने आज अपने वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र का विस्तार करना है, जिसे तीन महीने तक चलाने का लक्ष्य रखा गया है। श्रीमती द्रौपदी देवी और सुनील रामदास ने हरी झंडी दिखाकर इस अभियान का आरंभ किया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है, ताकि समाज ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याओं का सामना कर सके।

इस कार्यक्रम में लायंस क्लब रायगढ़ मिड टाउन के सदस्य और पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने रामदास द्रौपदी फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और बताया कि फाउंडेशन द्वारा आठ-आठ फुट के पौधे लोगों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जो अत्यंत प्रशंसनीय है। फाउंडेशन के चेयरमेन सुनील रामदास ने कहा, “हमारा उद्देश्य पर्यावरण को संरक्षित करना और अगली पीढ़ी के लिए हरित भविष्य सुनिश्चित करना है। हम रायगढ़ के सभी समाजसेवी संगठनों और लोगों से आग्रह करते हैं कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और अधिक से अधिक पौधे लगाएं।”

इस अभियान के तहत अगले तीन महीनों में रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में 50 हजार 5 फुट से 8 फुट के पौधे लगाए जाएंगे, जिससे पर्यावरण को लाभ होगा और स्थानीय स्तर पर वन आधारित जीवन को प्रोत्साहन मिलेगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपने योगदान का संकल्प लिया। पर्यावरण संरक्षण रथ अब जिले के विभिन्न गांवों और नगरों में घूम कर लोगों को जागरूक करेगा और उन्हें पौधे उपलब्ध कराएगा। यह कार्यक्रम स्थानीय लाल मैदान में सम्पन्न हुआ।