एक गांव का पंच बना देश का मंत्री, कौन हैं तोखन साहू जिन पर पीएम मोदी ने जताया ऐसा भरोसा

ऐप पर पढ़ें

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार सांसद बने तोखन साहू को पीएम मोदी की नई कैबिनेट में जगह मिली है। 55 वर्षीय तोखन साहू ने रविवार को मंत्री पद की शपथ ली। तोखन साहू ने अपना राजनीतिक सफर 1994 में तब शुरू किया था, जब वे लोरमी विकासखंड के सूरजपुरा गांव से निर्विरोध पंच (ग्राम पंचायत प्रतिनिधि) चुने गए थे। इसके बाद वह साल 2005 में जनपद सदस्य चुने गए। साल 2012 में वह जिला सहकारी बैंक बिलासपुर में प्रतिनिधि चुने गए। 

तोखन साहू 2013 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में लोरमी विधानसभा सीट से कांग्रेस के मौजूदा विधायक धर्मजीत सिंह को हराकर पहली बार भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए। साल 2018 के राज्य चुनावों में तोखन साहू को भाजपा ने दोबारा उसी सीट से उम्मीदवार बनाया। हालांकि इस बार वह धर्मजीत सिंह से हार गए थे। साल 2024 में तोखन साहू बिलासपुर से लोकसभा का टिकट पाने में सफल रहे। उन्होंने कांग्रेस के मौजूदा विधायक देवेंद्र यादव को 1,64,558 मतों से करारी शिकस्त दी। 

बिलासपुर से पहली बार सांसद के रूप में निर्वाचित तोखन साहू को केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में मोदी कैबिनेट में जगह मिली है। साधारण किसान परिवार से आने वाले तोखन साहू पंच से सरपंच और फिर जनपद सदस्य के रूप में अपने सफर की शुरुआत की थी। 2013 में लोरमी विधानसभा सीट से जीतने के बाद तत्कालीन रमन सिंह सरकार में वह कृषि, मत्स्यपालन, पशुपालन और जल संसाधन विभाग में संसदीय सचिव के रूप में नियुक्त हुए थे। 2014 में उनको छत्तीसगढ़ वन्य जीव बोर्ड का सदस्य बनाया गया।