छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही 29 महिला प्रत्याशियों में सिर्फ 3 को ही जनता ने भेजा संसद

ऐप पर पढ़ें

लोकसभा के चुनाव में छत्तीसगढ़ की 11 सीटों में से सिर्फ तीन सीटों पर ही महिलाओं को जीत मिली है। यानी की 11 लोकसभा सीटों में महिलाओं की भागीदारी 27 प्रतिशत से ज्यादा रही है। यह छत्तीसगढ़ के इतिहास में दूसरी बार होगा जब प्रदेश से तीन महिला सांसद संसद जा रही हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी की दो महिला और कांग्रेस पार्टी की एक महिला सांसद लोकसभा पहुंची हैं। बतादें कि छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में 29 महिलाओं ने चुनाव में अपनी किस्मत आजमाई थी, जिनमें भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने 6 महिलाओं को लोकसभा के चुनाव में टिकट दिया था। 

भाजपा और कांग्रेस ने इन महिलाओं को बनाया उम्मीदवार

लोकसभा चुनाव 2024 में छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से भारतीय जनता पार्टी ने तीन महिलाओं को चुनाव के मैदान में उतारा है। जिनमें कोरबा लोकसभा सीट से सरोज पांडे, महासमुंद लोकसभा सीट से रूप कुमारी चौधरी और जांजगीर चांपा लोकसभा सीट से कमलेश जांगड़े को उम्मीदवार बनाया था।‌ वहीं कांग्रेस पार्टी ने भी तीन महिला उम्मीदवारों को चुनाव में मौका दिया जिनमें कोरबा लोकसभा सीट से ज्योत्सना महंत, रायगढ़ लोकसभा सीट से मेनका सिंह और सरगुजा लोकसभा सीट से शशि सिंह को मैदान में उतारा था। छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में दोनों ही दलों ने 6 महिलाओं को चुनाव के मैदान में उतारा, जिनमें से तीन महिलाओं ने इस चुनाव में जीत हासिल की है। इन महिलाओं में भारतीय जनता पार्टी की दो और कांग्रेस की एक महिला प्रत्याशी शामिल है। 

11 सीटों में से 3 में महिला सांसद

छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से तीन लोकसभा सीटों पर महिलाओं ने जीत दर्ज की है। प्रदेश की लोकसभा सीटों पर 27 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी चुनाव जीतने पर हो गई है।  इनमें छत्तीसगढ़ की तीन लोकसभा सीटों पर जनता ने महिला सांसदों को चुना है। जिसमें कांग्रेस पार्टी से कोरबा से प्रत्याशी ज्योत्सना महंत चुनाव जीती है। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी से महासमुंद से प्रत्याशी रूप कुमारी चौधरी और जांजगीर चांपा से प्रत्याशी कमलेश जांगड़े चुनाव जीतकर संसद पहुंची हैं।