बढ़ती गर्मी की वजह से बदला स्‍कूलों का समय

रायगढ़। इन दिनों तपती धूप और चिलचिलाती गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। तापमान में बढ़ोत्तरी से लोगों का हाल-बेहाल कर दिया है। जिसे देखते हुए छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने एक आदेश जारी किया है। जिसमें उन्होंने लगातार बढ़ते तापमान और गर्मी के प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा स्कूलों के समय में बदलाव करने का फैसला लिया है।

छ.ग.शासन स्कूल शिक्षा विभाग, मंत्रालय द्वारा जारी आदेशानुसार 1 से 30 अप्रैल तक शाला संचालन के लिए समय निर्धारित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी, रायगढ़ ने जानकारी देते हुए बताया कि एक पाली में संचालित समस्त शालाएं प्रात: 7.30 बजे से 11.30 बजे तक संचालित होंगी। इसी तरह दो पालियों में संचालित समस्त शालाएं जिनमें प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला की कक्षाएं-प्रात: 7.30 बजे से 11.30 बजे तक एवं हाई एवं हायर सेकेण्डरी शाला की कक्षाएं प्रात: 11.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक संचालित होगी।