सुनील रामदास अग्रवाल को विजन न्यू इंडिया कार्यक्रम केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने किया सम्मानित

रायगढ़, 23 जून 2023। भाजपा नेता व रामदास द्रौपदी फाउंडेशन के चेयरमैन सुनील रामदास को 22 जून को राष्ट्रीय न्यूज चैनल भारत 24 द्वारा नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम विजन न्यू इंडिया में सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम के अतिथि रहे केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सुनील रामदास को पर्यावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए सम्मानित करते हुए, उनके कार्यों की प्रशंसा भी की।

दस सूत्रीय कार्यों को लेकर स्थापित उक्त फाउंडेशन के उन कार्यों में से एक कार्य पर्यावरण संरक्षण का है, जिसे सुनील रामदास द्वारा वर्ष 2014 से निरंतर रायगढ़ जिले में किया जा रहा है। हर वर्ष वर्षा ऋतु के दौरान रायगढ़ नगर सहित जिले के विभिन्न समाजसेवी संगठनों और जिले के ग्राम पंचायतों के सहयोग से 50 हजार पौधे रोपित किए जाते हैं। चूंकि पौध रोपण एक जटिल कार्य है। इसलिए उनके द्वारा रायगढ़ के उर्दना में एक नर्सरी की भी स्थापना की गई है।

जिसमें पौधे तैयार किए जाते हैं और वह पौधा जब पांच फुट से ऊपर का हो जाता है, तब उन पौधों को जिले में समाजसेवी संगठनों, आमजन व पंचायतों के सहयोग से जिले के भिन्न-भिन्न स्थानों पर रोपित किया जाता है। पांच फुट से ऊपर के पोधों को रोपित करने के पीछे उनका तर्क है कि बड़े पौधे रोपित करने से उनकी देख-रेख कम करनी पड़ती है।

अतः पर्यावरण के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए, इसी प्रकार के उल्लेखनीय कार्यों के लिए ही राष्ट्रीय न्यूज चैनल भारत 24 के विजन न्यू इंडिया कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के हाथों सम्मानित किया गया। उक्त कार्यक्रम में अनुराग ठाकुर ने उनके कार्यों की प्रशंसा भी की।

कार्यक्रम के समापन के पश्चात् सुनील रामदास ने केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से बातचीत करते हुए, उन्हें रायगढ़ आने के लिए आमंत्रित किया, जिस पर अनुराग ठाकुर ने उन्हें आने का आश्वासन तो दिया ही, साथ ही उन्होंने राजनैतिक विषयों पर चर्चा भी की, जिसका केन्द्र पुराने रायगढ़ जिले का राजनैतिक समीकरण रहा।

केन्द्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह, केन्द्रीय मंत्री महेन्द्र नाथ पांडेय, केन्द्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी, केन्द्रीय मंत्री एस. पी. सिंह बघेल व केन्द्रीय मंत्री अरूण सिंह और राज्य सभा सांसद व भारत 24 के मुख्य संपादक जगदीश चंद्रा, सुप्रसिद्ध एंकर रुबिका लियाकत तथा भारत 24 के विजन एडिटर मनोज जज्ञासी सहित सैकड़ों गणमान्य जन उपस्थित रहे।